रामनरेश प्रजापति
शाहगंज। तहसील क्षेत्र के ओपी टावर स्थित संजय कुमार गुप्ता के शोरूम में गत माह की भाँति शनिवार को मानस समिति के सौजन्य से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। शुभारंभ समिति के मंत्री रतन कुमार अग्रहरी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा अर्चना के साथ किया। उन्होंने बताया कि सन 1981 से यह समिति भारत की प्राचीन, वैदिक सनातन परंपरा को संजोने और संवारने का कार्य कर रही है। समिति का उद्देश्य देश के प्राचीनतम सनातन धर्म को जीवंत रखना, मंदिरों का जीर्णोद्धार, पूजा अर्चना, धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक एवं नैतिक विकास को बढ़ावा देना है। भारत वासियों को सनातन परंपरा की तरफ लौटाना मूल उद्देश्य है।
पाश्चात्य सभ्यता से प्रभावित अपने कर्तव्य पथ से विमुख हो रही युवा पीढ़ी को इंसान के वास्तविक धर्म का बोध कराना समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि समिति भारतीयों में सनातन धर्म के प्रति आस्था, विश्वास एवं जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ घर-घर सुंदरकांड के आयोजन पर बल देती है। समिति के मंत्री ने बताया कि सुंदरकांड का पाठ करने से व्यक्ति को जीवन में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिलते हैं।जो भी जातक प्रतिदिन सुंदरकांड का पाठ करता है उसकी एकाग्रता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
गौरतलब है कि सुंदरकांड के पाठ का आयोजन माह के अंतिम शनिवार को होता है। पाठ का शुभारंभ 31 दिसंबर 2022 से किया गया था इसके आयोजन के एक वर्ष पूर्ण हुए। संजय कुमार गुप्ता व अनुपमा अग्रहरि ने उपस्थित सुंदरकांड के प्रेमियों, अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति धन्यवाद प्रकट करते हुए आभार जताया। इस अवसर पर शीतला, घनश्याम दास, नारायण अग्रहरि, शेषनाथ पांडेय, रचित चौरसिया, डॉ. अजय त्रिपाठी, लक्ष्मीकांत जायसवाल सहित क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ