जौनपुर: स्वच्छता प्रहरियों को दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण- Chakradoot

  • प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
रामनरेश प्रजापति
सुईथाकला, जौनपुर। विकासखंड क्षेत्र के भेला गांव में विश्व स्वास्थ्य संगठन के 7सूत्रीय कार्यक्रम के तहत जागरण पहल संस्था के संयुक्त तत्वाधान एवं बीसीएम दीपेंद्र प्रताप सिंह की देखरेख में स्वच्छता प्रहरियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। स्वच्छता प्रहरियों का प्रशिक्षण रेकिट इंडिया और जागरण पहल के संयुक्त तत्वाधान में संचालित परियोजना डेटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया के अंतर्गत डायरिया नेटजीरो एवं हार्पिक सेफर टॉयलेट फॉर आल का सफल संचालन किया जा रहा है। 
इस परियोजना के अंतर्गत सुदूरवर्ती ग्रामीण अंचल की स्वयंसेवी महिलाओं को स्वच्छता प्रहरी के रूप में तैयार करने हेतु प्रशिक्षित लीड स्वच्छता प्रहरी के माध्यम से चयनित अलग अलग 10 से 15 गांव की महिलाओं को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। दस्त प्रबंधन हेतु WHO 07 सूत्र के बारे में महिलाओ को विस्तारपूर्वक प्रशक्षित किया गया। लीड महिला प्रशिक्षक ने विभिन्न गतिविधियों को करते हुवे लोगों का अभिमुखीकरण किया। स्पंज के माध्यम से बच्चो में होने वाले निर्जलीकरण को समझाया गया और हाथ धोने के सात चरणों को भी रोचक तरीके से सिखाया गया। सभी 07 बिंदुओं पर अलग अलग गतिविधियां की गई।
सभी महिलाओं ने स्वच्छता संकल्प प्रपत्र पर सामूहिक हस्ताक्षर किया और स्वच्छता के  प्रति संकल्प दिलाया गया।जिला समन्वयक विशाल सिंह एवं पूर्व प्रधानाध्यापक रामपाल सिंह के हाथों प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। शौचालय प्रयोग करने के लाभ, टीकाकरण और स्तनपान के बारे में जागरूक किया गया।जिला समन्वयक ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डायरिया को जड़ से समाप्त करने में जागरूकता अभियान के तहत जागरण पहल संस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। 
वैश्विक स्तर पर डायरिया 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में होने वाले मौत का दूसरा प्रमुख कारण है। डायरिया मुख्य रूप से  बैक्टीरिया के कारण होता है। उन्होंने बताया कि अशुद्ध एवं असंतुलित खानपान के साथ-साथ प्रदूषण दस्त का प्रमुख कारण है।प्रशिक्षित होकर स्वच्छता प्रहरी घर-घर जाकर गांव के अंतिम व्यक्ति को जागरूक करने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। बीसीएम दीपेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित अधिकारियों,कर्मचारियों के प्रति आभार प्रकट किया। 
इस मौके पर राजन दुबे बीसीएम रामपुर, मनोज मौर्या, पवन सिंह, राहुल सिंह, रागिनी सिंह एल डब्ल्यू वी, जीत बहादुर सिंह, उमा सिंह, आशा कार्यकत्री, प्रांजुल सिंह(शिवम) आदि लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ