- ब्लाक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
सिकरारा, जौनपुर। निपुण भारत मिशन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये मंगलवार को ब्लाक संसाधन केन्द्र पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व शिक्षकों का एक दिवसीय ब्लाक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि निपुण भारत मिशन को सफल बनाने के लिये स्कूल में पढ़ने वाले हर बच्चों को सरकार की हर योजनाओं का समुचित लाभ मिलना चाहिये। प्रत्येक बच्चों को उनका सम्पूर्ण अधिकार मिले यह हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सभी मिलकर बच्चों के हित में कार्य करेंगे तो अवश्य ही निपुण भारत मिशन लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा कर सकेंगे। राज्यसभा सांसद ने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बावजूद भी अभी हमारा प्रदेश व देश शिक्षा के क्षेत्र में वो स्थान हासिल नहीं कर पा रहा है जो हमारे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का सपना है। उन्होंने कहा कि सारी व्यवस्था सरकार की है हमको सिर्फ अमली जामा पहनाना है।
अध्यक्षता कर रहे डायट प्राचार्य डा. सच्चिदानन्द यादव ने कहा कि कायाकल्प योजना से परिषदीय स्कूलों के परिवेश में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। अब लोग अपने बच्चों को परिषदीय स्कूलों में ज्यादा दाखिला दिला रहे हैं। डायट के उप प्राचार्य डा. मनीष कुमार सिंह व प्रवक्ता डा. रवीन्द्र नाथ यादव ने कहा कि निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिये सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। बीडीओ अस्मिता सेन, खण्ड शिक्षा अधिकारी आनन्द प्रकाश सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किये। प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर की छात्राओं ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। विद्यालय की छात्रा वैष्णवी सिंह ने आकर्षक कत्थक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। माधुरी जायसवाल ने मुख्य अतिथि को पर्यावरण और उसके संरक्षण पर आधारित ‘प्रकृति के आंगन में’ पुस्तक भेंट किया।
इस अवसर पर ब्लाक अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, अजय पाण्डेय, ग्राम प्रधान विनय सिंह, मोहम्मद असलम, जवाहर लाल, अनुपम श्रीवास्तव, शैलेन्द्र यादव, सुरेश यादव, शैलेश चतुर्वेदी, राजीव सिंह लोहिया, कृपानिधि यादव, गीता सिंह, सन्दीप सिंह, चन्दन सिंह, आलोक सिंह, संतोष सिंह, रवि प्रकाश मिश्र, शैलेश सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, ब्लाक मंत्री राजीव उपाध्याय, सुरेन्द्र प्रजापति, बाबा मौर्य, दिनेश यादव, संयुक्ता सिंह, अवंतिका सिंह, उत्तमा चतुर्वेदी, गीता सिंह, प्रेम तिवारी, शिवम सिंह, राकेश सिंह, वीरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने किया। आभार प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ