सिद्दीकपुर, जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य के संरक्षकत्व में गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड के लिए विश्वविद्यालय परिसर में प्री-आरडी परेड 2022 हेतु चयन शिविर का आयोजन 17 अक्तूबर 2022 को किया गया है। जिसमें सभी महाविद्यालयों की इकाइयों से स्वयंसेवक/स्वयंसेविकाओं को प्री-आरडी परेड चयन शिविर में शामिल होने के लिए निर्देश दिया गया है। चयनित स्वयंसेवक क्षेत्रीय निदेशालय भोपाल में आयोजित 10 दिवसीय चयन शिविर में प्रतिभाग करेंगे। इसी क्रम में 17 अक्तूबर 2022 को प्रातः10 बजे राष्ट्रीय सेवा योजना भवन एवं एकलव्य स्टेडियम, विश्वविद्यालय परिसर में प्री-आरडी परेड के लिये विश्वविद्यालय स्तरीय चयन शिविर का आयोजन किया गया है।
शारीरिक रूप से स्वस्थ वे स्वयंसेवक जिनकी ऊंचाई 165-180 सेंटीमीटर तथा स्वयंसेविका जिनकी ऊंचाई 155-170 सेंटीमीटर हो, सांस्कृतिक कार्यक्रम यथा गायन, भाषण में दक्ष हों तथा परेड (20 मिनट तक), दौड़ (1.5 किलोमीटर 10 मिनट में) आदि मापदंड को पूर्ण करते हों, प्रतिभाग कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में स्वयंसेवक/स्वयंसेविकाओं को सभी मापदण्डों से गुजरना होगा। उक्त जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डा. राकेश कुमार यादव ने बताया कि 17 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली चयन शिविर में सभी कालेजों को सूचना दे दी गई है। परिसर में ही चयन प्रक्रिया पूरी की जायेगी। यहां से चयनित स्वयंसेवक/स्वयंसेविकायें राज्य स्तरीय 10 दिवसीय चयन शिविर भोपाल मध्य प्रदेश में शामिल होंगे।
0 टिप्पणियाँ