सेवा संकल्प के साथ 77 वर्ष की विरासत को किया नमन
जौनपुर। सत्तहत्तर वर्ष की विरासत, सात दिन के प्रभाव के संकल्प के साथ जेसीआई जौनपुर द्वारा जेसीआई सप्ताह 2026 का भव्य शुभारंभ बुधवार, 09 सितम्बर 2026 को नगर पालिका के मैदान जौनपुर में संस्था अध्यक्ष अंजनी प्रजापति के अध्यक्षता में किया गया। सप्ताह चेयरमैन राजकुमार जायसवाल ने 7 दिन के कार्यक्रमों का रूप रेखा बताई कार्यक्रम का प्रारंभ राज साहू द्वारा जेसीआई आस्था पाठ के वाचन से हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, जौनपुर अजीत प्रजापति द्वारा फीता काटकर किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि सहित विशिष्ट अतिथि महामंत्री भारतीय जनता पार्टी जौनपुर पीयूष गुप्ता, यातायात निरीक्षक जौनपुर मनोज कुमार पाण्डे, पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र सेठ एवं आलोक सेठ द्वारा शांति के प्रतीक सफेद कबूतर एवं गुब्बारे आकाश में छोड़कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सम्पन्न हुआ।
उद्घाटन के साथ ही सेवा कार्यों की श्रृंखला प्रारंभ हुई। सर्वप्रथम संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु सस्टेनेबल सिपिंग प्रोजेक्ट के अंतर्गत 101 स्टील बाटल का वितरण किया गया, जिसका उद्देश्य एकल उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को समाप्त कर पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है। इसके पश्चात संस्था के दिवंगत सदस्यों स्वर्गीय संजीव जायसवाल व स्वर्गीय चंद्रशेखर जायसवाल की पुण्य स्मृति में तुलसी के पौधों का वितरण कर उनकी पुण्यात्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई। अंत में हाल ही में नेपाल त्रासदी में दिवंगत हुई आत्माओं की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अतिथि अजीत प्रजापति ने कहा कि "जेसीआई जौनपुर 62 वर्षों से युवाओं को नेतृत्व प्रदान कर रहा है, संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।"
विशिष्ट अतिथि पीयूष गुप्ता ने कहा कि "जेसीआई जैसा युवा संगठन ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है, जौनपुर इकाई का कार्य अत्यंत सराहनीय है।"
विशिष्ट अतिथि यातायात निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डे ने संस्था के यातायात जागरूकता प्रयासों की सराहना की और नागरिकों से यातायात नियमों के पालन की अपील की।
विशिष्ट अतिथि धर्मेन्द्र सेठ ने संस्था के गौरवशाली 62 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए जेसीआई सप्ताह के सेवा संकल्पों की सफलता हेतु शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने कहा कि "जेसीआई जौनपुर ने सदैव नेतृत्व प्रदान किया है तथा यह व्यक्तित्व विकास की सर्वप्रमुख संस्था है।"
पूर्व मंडल अध्यक्ष आलोक सेठ ने कहा कि "जेसीआई जौनपुर केवल संस्था नहीं, एक परिवार है जो सेवा के संस्कार देता है और आज का कार्यक्रम इसी एकजुटता का प्रमाण है।"
अध्यक्ष अंजनी प्रजापति ने कहा कि "यह सप्ताह केवल उत्सव नहीं, सेवा का महाकुंभ है, हम सात दिन समाज हित में कार्य करेंगे।"
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जेसीआई जौनपुर के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार जायसवाल, निवर्तमान अध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष ताहिर कादरी सोनू, प्रदीप सिंह, अजय नाथ जायसवाल, कृष्ण गोपाल जायसवाल, अजय गुप्ता, विशाल तिवारी, इंद्रजीत मौर्य, सुशील प्रजापति, सौरभ आर्या सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सचिव सतीश कुमार जायसवाल ने किया तथा सप्ताह को-अध्यक्ष रमेश श्रीवास्तव एवं कार्यक्रम संयोजक रजत जायसवाल ने संयुक्त रूप से सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया।
.jpeg)
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ