तिलकधारी इंटर कॉलेज में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखे छात्र-छात्राएं
जौनपुर। आजादी के उत्सव कार्यक्रम के अवसर पर शुक्रवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज, जौनपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों का जोश और देशभक्ति के नारों से गूंजता वातावरण लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। भव्य तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि देश की आजादी अनेक वीरों के त्याग और संघर्ष का परिणाम है। वहीं, विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। दोनों अतिथियों ने तिरंगा झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
यात्रा के दौरान सुसज्जित रथ पर भारत माता की झांकी सबसे आगे चल रही थी। उसके पीछे हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों का विशाल समूह देशभक्ति के रंग में सराबोर होकर आगे बढ़ रहा था। देशभक्ति गीतों की गूंज और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ जैसे गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो गया। तिरंगा यात्रा टीडी इंटर कॉलेज के मुख्य गेट स्थित मारुति मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा लाइन बाजार, कलेक्ट्रेट तिराहा, विकास भवन, जोगियापुर, ओलंदगंज और जेसीज चौराहा होते हुए आगे बढ़ी। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की। शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरती यात्रा ने लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राएं पूरे अनुशासन के साथ तिरंगा लेकर चल रहे थे। शिक्षकों और विद्यालय के कर्मचारियों ने भी यात्रा को व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्रा पुनः तिलकधारी इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं को फल एवं मिष्ठान वितरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा करने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प दिलाया। प्रधानाचार्य ने बच्चों को देशहित में कार्य करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यार्थियों को आदरपूर्वक विदा किया गया। तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
.jpeg)
0 टिप्पणियाँ