जौनपुर: संत रविदास ने समाज को दिया मानवता का संदेश : रमेश सिंह


गुरु रविदास जयंती पर निकली कलश यात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जौनपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को भाजपा के समरसता संपर्क अभियान के तहत सुईथाकला क्षेत्र के अरसियां मंडल में कलश यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष अवधेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित यात्रा में मुख्य अतिथि विधायक रमेश सिंह के रूप में शामिल हुए।
कलश यात्रा ग्रामसभा मनवल, भुसौड़ी और जहरुद्दीनपुर के समीप से शुरू हुई। विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यात्रा भटौली सरायमोहिद्दीनपुर स्थित संत रविदास मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शामिल हुए।
विधायक रमेश सिंह ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष और कमजोर वर्गों के सम्मान की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास का ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का संदेश आज भी समाज को आत्मशुद्धि, सेवा और सद्भाव की राह दिखाता है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक भेदभाव को दूर करने और सभी वर्गों के बीच भाईचारा मजबूत करने की जरूरत है। उनके आदर्श समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा देते हैं।
इस दौरान भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ