बच्चों ने दिखायी देशभक्ति की अनूठी झलक
जौनपुर। शासन के निर्देशानुसार जनपद के परिषदीय विद्यालयों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के नेतृत्व में जिले भर के विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यालयों में बच्चों ने तिरंगे झण्डे तैयार करने के साथ ही आकर्षक तिरंगा रंगोली, फूल-पत्तियों से बनी रंगोली, कला, चित्रकला प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
विद्यालय परिसरों में तिरंगे के रंगों से सजी रंगोलियां और बच्चों द्वारा तैयार की गयी विभिन्न कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। छात्र-छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने भी बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके सम्मान के बारे में जानकारी दी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम कराया गया।


0 टिप्पणियाँ