| सुइथाकला के लालापुर स्थित बाल संरचना संस्थान इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करते प्रबंधक सुरेश पांडेय। |
बाल संरचना संस्थान इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
सुइथाकला, जौनपुर। क्षेत्र के लालापुर स्थित बाल संरचना संस्थान इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक सुरेश पांडेय ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
प्रबंधक सुरेश पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, शिक्षा और संस्कार के साथ देशहित में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन और उनके संघर्षों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में उत्साह और रंग भर दिया।
0 टिप्पणियाँ