महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
सुरापुर स्थित भवानीपुर के श्री कन्हैया लाल मानिकचंद महिला महाविद्यालय एवं लालचंद्र कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में पौधरोपण
सुल्तानपुर। कादीपुर तहसील क्षेत्र के सुरापुर स्थित भवानीपुर के श्री कन्हैया लाल मानिकचंद महिला महाविद्यालय एवं लालचंद्र कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर में गुरुवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. नीतू जायसवाल ने शिक्षकों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी को इसकी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया।
डॉ. नीतू जायसवाल ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का संबंध एक-दूसरे से अभिन्न है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधरोपण के साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकता है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में सरिता सिंह, शालिनी मिश्रा, हरिश्चंद्र प्रजापति, वैभव द्विवेदी, सलीम सहित महाविद्यालय परिवार के शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ