जौनपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अन्तर्गत कोतवाली परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर थानाध्यक्ष अनीता सिंह एवं स्वामी नित्यानन्द पाण्डेय (स्वास्थ्य एवं प्रेरक मार्गदर्शक, संबंध परामर्शदाता, रियल एस्टेट सलाहकार तथा विपश्यना साधक) ने संयुक्त रूप से पौधरोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस मौके पर थानाध्यक्ष अनीता सिंह ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं तथा स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की आवश्यकता है।
इसी क्रम में स्वामी नित्यानन्द पाण्डेय ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन को स्वस्थ, सुखी और संतुलित बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लगाये गये पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल करने का वचन दिया। इस अवसर पर सभी ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का भी संकल्प लिया।

0 टिप्पणियाँ