जौनपुर: हर अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ: प्रमुख

सुइथाकला में विकास को मिली रफ्तार, 5.10 करोड़ की कार्ययोजना पर लगी मुहर

समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं की हुई समीक्षा, जल संरक्षण की दिलाई गई शपथ

 बिजली की बदहाल व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को वर्ष 2026-27 के विकास कार्यों के लिए 5.10 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई, जबकि बिजली व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की।
सुइथाकला विकासखंड परिसर स्थित सभागार में ब्लॉक प्रमुख विद्या तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मनरेगा श्रम बजट को भी स्वीकृति प्रदान की गई। कृषि, पेयजल, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्वास्थ्य, पशुपालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा पंचम और पंद्रहवें वित्त आयोग की कार्ययोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। एडीओ कृषि शिवम गुप्ता ने खरीफ फसल, बीज, उर्वरक वितरण और कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
ब्लॉक प्रमुख विद्या तिवारी ने कहा कि क्षेत्र पंचायत के सहयोग से विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। स्वीकृत योजनाओं का लाभ प्रत्येक गांव के हर अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।खंड विकास अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। सभी अधिकारी शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

 इसके बाद उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
बैठक को ग्राम प्रधान विजय सिंह ने संबोधित किया। बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने बिजली आपूर्ति, जर्जर लाइनें और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। 
 संचालन एडीओ पंचायत जय प्रकाश मौर्य ने किया।
 बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रांत गुप्ता, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रभान, एडीओ एसटी राकेश सिंह, अनिल दूबे, पंचम बिंद तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज सिंह, शारदा सिंह, प्रशांत पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ