श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर विविध प्रतियोगिता का आयोजन
जौनपुर। सुइथाकला के श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज में सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण, गीत, पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारतीय संस्कृति, राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 12 के छात्र हर्षित तिवारी ने प्रथम तथा कक्षा 7 की छात्रा आर्या सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गीत प्रतियोगिता में कक्षा 8 की छात्रा आरोही सिंह प्रथम एवं आलिया द्वितीय स्थान पर रहीं। पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 10 के छात्र अविरल वर्मा ने प्रथम तथा नव्या सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 11 की छात्रा प्रांजल प्रजापति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर कक्षा 9 अ की छात्रा आकृति जायसवाल तथा कक्षा 9 बी 2 की छात्राएं आकृति, पारुल एवं अंशू रहीं। सभी प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं स्वाभिमान की भावना को सुंदर रूप में प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजेय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल इतिहास की स्मृति नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के अंदर रचनात्मकता, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं। प्रधानाचार्य ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन संगीत शिक्षक प्रेम नाथ सिंह “चंदेल” ने किया। मौके पर संतोष कुमार सिंह, संतोष कुमार, विनय त्रिपाठी, धर्मदेव शर्मा, राम बख्श सिंह, अरुण कुमार मौर्य, डॉ. शोभनाथ यादव, नवीन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ