बक्शा ब्लॉक सभागार में स्वगणना अभियान को लेकर दिया गया प्रशिक्षण
7 से 21 मई तक चलेगा विशेष अभियान
जौनपुर। आगामी जनगणना 2027 को लेकर स्वगणना अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से विकास खण्ड बक्शा सभागार में शनिवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।मुख्य अतिथि खण्ड विकास अधिकारी शुभम बरनवाल ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। सरकार की योजनाएं, संसाधनों का वितरण और विकास कार्यों की दिशा इन्हीं आंकड़ों पर आधारित होती है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से अपील किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें।
मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित एडीओ पंचायत विजय भान यादव ने स्वगणना की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों के उपयोग, ऑनलाइन पंजीकरण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने कहा कि स्वगणना से समय और संसाधनों की बचत के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता भी बढ़ेगी।
एडीओ आरडी संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 7 मई से 21 मई 2026 तक विशेष स्वगणना अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना पूरी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से अभियान को गति मिलेगी और आंकड़ों में त्रुटियां कम होंगी। कार्यक्रम में अमित, सत्य प्रकाश, लक्ष्मीचंद्र, दिनेश कुमार सिंह, दिनेश यादव, आशीष कुमार यादव, शिवानी श्रीवास्तव, सरिता पाल, शिवम यादव, कमलेश खरवार, महेश तिवारी, गौड़ गणेश, शिवशंकर मौर्य, केशरी प्रसाद, रविन्द्र प्रताप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ