वाराणसी: बृहस्पति फाउंडेशन का भव्य कार्यक्रम, एकता और संस्कृति पर दिया जोर

वाराणसी। बृहस्पति फाउंडेशन द्वारा पर्ल कोर्टयार्ड, वाराणसी में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें “अनेकता में एकता” का संदेश प्रमुख रूप से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, सौहार्द एवं भारतीय संस्कृति की विविधता को एक मंच पर लाना था। आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया तथा सभी को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों एवं युवाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नृत्य, संगीत एवं सामाजिक संदेशों से जुड़े कार्यक्रम शामिल रहे। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यह दर्शाया कि भारत विविध संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं का देश होने के बावजूद एकता की मजबूत डोर में बंधा हुआ है।
बृहस्पति फाउंडेशन के अध्यक्ष अमित प्रजापति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में एकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन लोगों को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों से परिचित कराते हैं। इस अवसर पर कुंज, अंशिका, सचिन, समीक्षा, निधि, प्रिया, सृष्टि सहित कई गणमान्य लोग एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। आयोजन स्थल पर उपस्थित लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला और सभी ने कार्यक्रम का आनंद लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ