सुइथाकला गांव में आयोजित संगीतमयी श्री मद्भागवत कथा के तीसरे दिन बही ज्ञान, भक्ति एवं वैराग्य की त्रिवेणी
जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत सुइथाकला गांव में आयोजित संगीतमयी श्री मद्भागवत कथा के तीसरे दिन शुक्रवार को ज्ञान भक्ति एवं वैराग्य की अविरल त्रिवेणी प्रवाहित हुई। आचार्य शांतनु जी महाराज ने कहा कि इस संसार में यदि कुछ जानने योग्य है तो वह केवल ब्रह्म है। ब्रह्म ज्ञान से बड़ी और दूसरी विद्या दुनिया में नहीं है। संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथावाचक आचार्य शांतनु जी महाराज भगवान श्रीकृष्ण और महात्मा विदुर के प्रसंग का वर्णन करते हुए इतने भाव-विभोर हो गए कि उनका गला रुंध गया। इस मार्मिक क्षण ने कथा स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं को भी भावुक कर दिया।
कथा के दौरान आचार्य शांतनु जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और महात्मा विदुर के बीच के स्नेह और भक्ति का अत्यंत भावुक प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि जब भगवान अपने सच्चे भक्त के घर पहुंचते हैं, तो वहां किसी औपचारिकता या दिखावे की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि केवल प्रेम ही सबसे बड़ा माध्यम होता है।
प्रसंग का वर्णन करते-करते महाराज जी इतने भावुक हो गए कि कुछ क्षणों के लिए उनका गला भर आया और वे बोल नहीं सके। कथा पंडाल में बैठे श्रद्धालु भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो उठे और वातावरण भक्तिमय हो गया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भक्त और भगवान का संबंध अत्यंत अद्भुत और पवित्र होता है, जिसमें किसी तीसरे व्यक्ति का कोई स्थान नहीं होता। यह संबंध केवल सच्ची श्रद्धा और निष्कलंक प्रेम पर आधारित होता है।
उन्होंने कहा, “सबसे उत्तम संबंध प्रेम की सगाई है। इससे बढ़कर इस संसार में कुछ भी नहीं है। जब मनुष्य भगवान से सच्चे मन से जुड़ता है, तो उसे किसी और सहारे की आवश्यकता नहीं रहती।”
कथा के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भगवान का स्मरण किया और कथा का रसपान कर स्वयं को धन्य महसूस किया। इस संसार में ब्रह्म ही जानने योग्य है। इसके लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराज विदुर और युधिष्ठिर धर्मावतार हैं। जहां धर्म है वहां विजय सुनिश्चित है। कौरव और पांडवों दोनों पक्षों में धर्म था लेकिन धर्म के अनुसार उसे धारण करना ही वास्तविक धर्म है। कहा कि यदि गुरु, मित्र और वैद्य मीठा बोले तो सर्वनाश निश्चित है। प्रिय लगने वाला झूठ और अप्रिय लगने वाला सत्य नहीं बोलना चाहिए। मुख्य यजमान यमुना प्रसाद सिंह एवं इंद्रावती सिंह ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने क्षेत्र वासियों से अधिक से अधिक संख्या में आकर कथा सुनने के लिए अपील किया ताकि सबका आध्यात्मिक कल्याण हो। मौके पर बदलापुर भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ उमेश चंद्र तिवारी, कुंवर मृगेंद्र सिंह (शिव बाबा), उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जौनपुर के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह, अटेवा ब्लॉक अध्यक्ष अजय मिश्रा, शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष सुधाकर सिंह, पारसनाथ यादव, डॉ रमेश सिंह, डॉ दिनेश सिंह, डॉ उमेश सिंह, जगदम्बा प्रसाद वर्मा, भाजपा नेता संजय सिंह इंजीनियर चंदन निषाद, अखिलेश मौर्य विहिप जिला सामाजिक समरसता प्रमुख सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ