धूमधाम से मनाया गया गोकुल इंटरनेशनल एकेडमी का पहला वार्षिकोत्सव
सुल्तानपुर। कादीपुर तहसील क्षेत्र के करौंदीकला विकासखंड अंतर्गत गोकुल इंटरनेशनल अकैडमी केकरचवर का वार्षिकोत्सव समारोह सोमवार को धूमधाम से भव्य तरीके से आयोजित किया गया। वार्षिकोत्सव समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक एवं शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि कादीपुर के भाजपा विधायक का प्रबंध निदेशक एवं करौदीकला के पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवनारायण वर्मा ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। विधायक ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने उत्कृष्ट कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाले छात्राओं को प्रतिशत देकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि दृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर कम समय में विद्यालय की स्थापना करना सराहनीय कार्य है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें, ताकि छात्र-छात्राएं आगे बढ़ सकें और संस्थान की स्थापना का उद्देश्य सार्थक हो सके।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें और उनकी शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और अनुशासन की सराहना करते हुए प्रबंधन को बधाई दी। विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवनारायण वर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में आधुनिक संसाधनों के साथ शिक्षा दी जा रही है, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
समारोह के दौरान बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रधानाचार्य विशाल मिश्रा ने अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन आशुतोष सिंह एवं निकिता पांडेय ने किया। मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजमणि वर्मा, थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे, रामपूजन प्रजापति, उप प्रधानाचार्य सचिन मिश्रा, विवेकानंद उपाध्याय, सुरेश सिंह, जगदंबा प्रसाद उपाध्याय, भुलेश्वर प्रसाद तिवारी आदि मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ