जौनपुर: होली पर बदलापुर को विकास का तोहफा: 105 सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू


सीएम योगी की पहल से बदलेगी बदलापुर की सूरत, 13 नए मार्ग और 92 मार्गों की विशेष मरम्मत

बदलापुर विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने सरकार का जताया आभार
जौनपुर। होली के पावन पर्व पर बदलापुर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा क्षेत्र के लिए 13 नव निर्माण मार्गों तथा 92 महत्वपूर्ण मार्गों के विशेष एवं सामान्य मरम्मत कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई है। कुल 105 मार्गों पर निर्माण एवं नवीनीकरण कार्य कराया जाएगा, जिनमें से कुछ पर कार्य प्रारंभ भी हो चुका है।
जनपद जौनपुर की बदलापुर विधानसभा में होली के अवसर पर विकास का बड़ा उपहार मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सड़क संपर्क सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 105 मार्गों पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य स्वीकृत किया गया है।
इस योजना अंतर्गत 13 नए संपर्क मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जबकि 92 मार्गों पर विशेष मरम्मत और सामान्य नवीनीकरण का कार्य होगा। 

प्रमुख विशेष मरम्मत मार्गों में यूनियन बैंक महराजगंज से डेल्हूपुर होते हुए सरायबिभार ब्राह्मण बस्ती तक, रामपुर संपर्क मार्ग, हरिहरपुर पानी की टंकी से नकहरा-नरवारी तक, मुहकुचा से रामनगर, मेढ़ा बाजार से रतासी बघाड़ी मार्ग, इनामीपुर-बछाड़ी, सिंघावल, बहाउद्दीनपुर, कृष्णापुर-गौरा सहित अनेक संपर्क मार्ग शामिल हैं। इसी प्रकार सामान्य मरम्मत अंतर्गत बीरभानपुर-भगतपुर मार्ग से दुर्गापट्टी, प्रयागराज-गोरखपुर राज्य मार्ग-7 से जुड़े संपर्क मार्ग, कुशहा-बड़ेरी से देनुआ मार्ग, धनीगोपालपुर से तुलापुर ब्राह्मण बस्ती, अम्बेडकर ग्राम पूरा रजवार, सियरावासी, गांधीनगर-रामकोला, डोमपुर, मझगवां, धरवासपुर, रामनगर-रमदेइया समेत दर्जनों गांवों के मार्गों का नवीनीकरण किया जाएगा। 

नव निर्माण मार्गों में घनश्यामपुर-शाहपुर-साहनी मार्ग से अहियापुर पाठक बस्ती, उदपुर गेल्हवा से बनगांव पट्टी दड़िया गड़ेरान बस्ती, सिंगरामऊ-लालगंज मार्ग से खानपुर मिश्रा बस्ती, डडारी मार्ग से बदल पट्टी लोहार बस्ती, बटाऊबीर-सिंगरामऊ मार्ग से साढ़ापुर ठाकर बस्ती, आनापुर ठाकुर बस्ती, धनीगोपालपुर से केशवपुर खास, तियरा-रतासी-सिंगरामऊ मार्ग से फिरोजपुर अनु० बस्ती, लमहन पाल बस्ती, घाघरपारा खास प्रतापगढ़ बॉर्डर तक, गजाधरपुर मुख्य नहर से गजहरमऊ ब्राह्मण बस्ती, इब्राहिमपुर पुल से शीतला प्रसाद इंटर कॉलेज तथा पुरागम्भीर शाह से वासुपुर सीमा तक मार्ग शामिल हैं। विधायक रमेश चन्द्र मिश्र ने बताया कि 
होली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बदलापुर विधानसभा को 105 सड़कों की सौगात देना क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। विकसित विधानसभा बनाने के संकल्प के तहत क्षेत्रीय जनों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित किया जा रहा है। मैं विधानसभा बदलापुर एवं संबंधित ग्राम सभाओं के देवतुल्य क्षेत्रीय जनों से आग्रह करता हूं कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें, ताकि सभी मार्ग टिकाऊ और मानक के अनुरूप बन सकें। यह पहल क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक आवागमन को नई गति मिलेगी। बदलापुर विधानसभा में होली के अवसर पर मिली यह विकासात्मक सौगात क्षेत्रवासियों के लिए खुशी और उम्मीद की नई किरण लेकर आई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ