धूमधाम से मनाया गया श्री राम बहाल पाल इंटर कॉलेज का 26 वाँ वार्षिकोत्सव
जौनपुर। सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत श्री राम बहाल पाल इंटर कॉलेज काजीपुर सराय मोहिउद्दीनपुर का 26 वाँ वार्षिकोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को निहाल कर दिया। समारोह के मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष एवं शिक्षक विधायक लाल बिहारी यादव का माल्यार्पण, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट करके भव्य स्वागत किया गया। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले मेधावियों का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यालय ही नागरिकों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है। शिक्षक ही राष्ट्र के सच्चे निर्माता होते हैं जो देश के लिए श्रेष्ठ नागरिक तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आर्थिक और शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े तबके के बच्चों को शिक्षित करके उनके भविष्य को उज्जवल करने का काम विद्यालय कर रहा है। एमएलसी ने कहा कि गांव के विद्यालय में पढ़ने वाले यही बच्चे अपनी प्रतिभा की बदौलत आगे चलकर प्रशासनिक सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को क्या बनना है इसका निर्धारण पहले ही कर लेना चाहिए।
यदि इरादा पक्का हो तो लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल होगा। कठिन परिश्रम से ही मनचाही मंजिल मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को कोई भी छीन नहीं सकता, इसलिए अच्छी शिक्षा ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी मामले में कम नहीं हैं। वह हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा की सरकार शिक्षा को अदानी के हाथों में सौंपने जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के बच्चों को शिक्षा से वंचित करना चाहती है ताकि लंबे समय तक उन पर शासन कर सके। उन्होंने बताया कि वित्त विहीन शिक्षकों का मानदेय नहीं मिल रहा है। माध्यमिक शिक्षा में 80 फ़ीसदी भागीदारी निभाने वाले वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय न मिलना भाजपा की सरकार के सबका साथ सबका विकास के नारे को तमाचा है। उन्होंने कहा कि यदि वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय चाहिए तो इसके लिए राजनीति की मास्टर चाबी अखिलेश यादव के हाथों में देनी होगी। इसे दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने एनसीईआरटी की किताबें दुकानों और निजी विद्यालयों में न उपलब्ध होने पर सरकार पर तंज कसा।
विशिष्ट अतिथि पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि गरीब, पिछड़े, दलित और शोषित वंचित समाज के बच्चे शिक्षा से ही समाज में अपमान और भेदभाव की खाई को समाप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेटा तरक्की करता है तो केवल एक वंश का विकास होता है लेकिन जब बेटियां तरक्की करती हैं तो दो वंशों की उन्नति होती है। सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि बच्चे ही देश के भविष्य हैं जो आगे चलकर देश के श्रेष्ठ नागरिक बनेंगे जो राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि किताबी शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को संस्कार भी दें।
विशिष्ट अतिथि डॉ विकास पाल, पूर्व एमएलसी प्रभावती पाल, सपा नेता त्रिभुवन यादव ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता कैलाश नाथ पाल और संचालन उप प्रबन्धक श्री प्रकाश पाल ने किया। स्वागत भाषण एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक राम दुलार पाल और आभार प्रधानाचार्य जयप्रकाश पाल ने प्रकट किया। मौके पर ठाकुर प्रसाद तिवारी, जिला महामंत्री वित्त विहीन शिक्षक संघ राजेंद्र प्रसाद पाल, प्रधान गण राम सकल बिंद, राजन यादव और राम सूरत यादव, रामजश बिंद, हरिराम पाल, राजेश कुमार पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ