जौनपुर: 2047 में मोदी-योगी के नेतृत्व में पूर्ण रूप से विकसित होगा भारत : रमेश सिंह



सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति से बच्चों ने मोहा मन

धूमधाम से मनाया गया बाल संरचना संस्थान इंटर कॉलेज लालापुर का 36 वां वार्षिकोत्सव

सुइथाकला, जौनपुर। क्षेत्र के बाल संरचना संस्थान इंटर कॉलेज लालापुर का 36 वां वार्षिकोत्सव मंगलवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने गीत, भजन, एकांकी, नाटक, कव्वाली, नृत्य आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं एवं दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन करके किया। अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। छात्र-छात्राओं ने दहेज प्रथा एवं भ्रूण हत्या पर आधारित एकांकी के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर लोगों का ध्यान आकृष्ट किया जिसने श्रोताओं को इस समस्या पर सोचने को मजबूर कर दिया। समारोह में पत्रकारों को सम्मानित किया गया। छात्रों ने काव्य सम्मेलन के माध्यम से मोबाइल से उत्पन्न दुष्परिणाम पर प्रकाश डाला। 
 विधायक रमेश सिंह ने  बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव समारोह वर्ष भर की संपूर्ण उपलब्धियों का मापदंड है। उन्होंने कहा कि शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में यह विद्यालय वट वृक्ष का रूप ले चुका है। इस विद्यालय से हमारा हमेशा से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सशक्त हो रही हैं। उन्होंने बताया कि छात्राओं का हर क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक  महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि 2047 में मोदी-योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश पूर्ण रूप से विकसित होगा जिससे सरकार की संकल्पना साकार होगी। इस संकल्प को पूरा करने में आज के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विधायक ने विद्यालय से होकर जाने वाले  लखनऊ बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले  सरपतहाँ- पट्टी नरेंद्रपुर संपर्क मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मार्ग की मरम्मत होने से विद्यालय में अध्यनरत नव निहालों और आम जनता को आवागमन में सुविधा एवं सहूलियत मिलेगी। विशिष्ट अतिथि प्रमोद मिश्रा 'मुन्ना' ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रही हैं। उन्होंने बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ संस्कारित करने पर विशेष बल दिया। 
प्रबंधक सुरेश पांडेय ने अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना हमारा दायित्व है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि बच्चे ही कल के भविष्य हैं इसलिए इन्हें नवाचार एवं आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों की भी शिक्षा दें। बाद में यही बच्चे देश के श्रेष्ठ नागरिक बनकर राष्ट्र के उत्थान में अपना अहम योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षा में गुणवत्ता के साथ कभी भी समझौता नहीं किया। प्रतिवर्ष उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम इस विद्यालय की उत्कृष्टता की पहचान है। अध्यक्षता अशोक कुमार पांडेय और संचालन दीपक दीक्षित ने किया।
आभार प्रधानाचार्य संतोष कुमार पांडेय एवं रणविजय सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत एकांकी ने हल्दीघाटी युद्ध में महाराणा प्रताप के शौर्य गाथा की स्मृति ताजी कर दी। 
 मौके पर  विशिष्ट  अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी, भाजयुमो काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री पवन पाल, भाजपा के जिला कार्य समिति के सदस्य  हृदय नारायण शुक्ला, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ  रणंजय सिंह, अजय मिश्रा, पारसनाथ यादव, दूधनाथ सिंह, अभिषेक दीक्षित, मनोज दुबे, रमेश सिंह, प्रमोद सिंह, संजय सिंह, दुष्यंत मिश्रा, डॉ शाहिद खान, घनश्याम उपाध्याय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ