जौनपुर: 'तू जीत के लिए बना' काव्य संग्रह कर्तव्य पथ का कराएगा बोध: हेमंत तिवारी
राज्य सूचना आयुक्त के तीसरे काव्यसंग्रह ‘ तू जीत के लिए बना’ का विमोचन
जन्मशती महोत्सव में डॉ. धर्मवीर भारती से जुड़ी यादों का खुला पिटारा
सुइथाकला, जौनपुर। उत्तर-प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त, मशहूर कवि, वरिष्ठ पत्रकार, मौलिक एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी, उत्कृष्ट एवं प्रकृति से संवेदनशील व्यक्तित्व वीरेंद्र प्रताप सिंह "वत्स" के तीसरे काव्य संग्रह ‘तू जीत के लिए बना’ का लोकार्पण बृहस्पतिवार को मुम्बई के अंधेरी स्थित मुक्ति सभागार में किया गया। श्री वत्स श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज समोधपुर के छात्र रहे हैं और वह सुल्तानपुर जनपद के करौदी कला विकासखंड क्षेत्र के गोपालपुर सरायख्वाजा गांव के निवासी हैं। मौका था वाणी प्रकाशन की ओर से आयोजित डॉ. धर्मवीर भारती जन्मशती महोत्सव का। इस काव्य संग्रह का प्रकाशन वाणी प्रकाशन समूह ने किया है।
‘तू जीत के लिए बना’ देश और समाज पर केंद्रित कविताओं तथा ग़ज़लों का संग्रह है जो पाठकों के मन-मस्तिष्क को झकझोरता है और समस्याओं का समाधान भी सामने रखता है।
आयोजन की विशेष उपलब्धि यह रही कि इसमें धर्मवीर भारती की वयोवृद्ध पत्नी पुष्पा भारती अस्वस्थ होने के बावजूद पहुँचीं। उन्होंने डॉ. धर्मवीर की उन प्रेमपगी रचनाओं का पाठ किया जो उन्होंने पुष्पा के जन्मदिन पर लिखी थीं। फ़िल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी तथा अभिनेत्री दिव्या दत्ता सहित कई कलाकारों ने उनके उपन्यास ‘गुनाहों का देवता’ और नाटक अंधा युग के अंशों का पाठ किया।
‘तू जीत के लिए बना’ के लोकार्पण के अवसर पर कवि-चिन्तक बोधिसत्व, कथाकार एवं पटकथा लेखक अतुल तिवारी, ग़ज़लकार राजेश रेड्डी, अभिनेत्री राजेश्वरी सचदेव, गायिका पद्मश्री शोमा घोष, वाणी प्रकाशन समूह के अध्यक्ष अरुण माहेश्वरी, निदेशक अदिति माहेश्वरी, मंच संचालक अलका अग्रवाल, कवि विष्णु शर्मा मौजूद थे। बोधिसत्व ने संग्रह की सराहना की और इसकी विस्तृत समीक्षा करने की बात कही।
इस समृद्ध मंच पर प्रख्यात कथाकार सूर्यबाला की पुस्तक ‘यादों के शिलालेख, गीतकार समीर अनजान की पुस्तक ‘लफ़्ज़ों के साथ एक सफरनामा, अम्बर पाण्डेय की पुस्तक ‘मतलब हिन्दू’ और अलका अग्रवाल की पुस्तक मीरा कूल का भी लोकार्पण किया गया। काव्य संग्रह के विमोचन पर पंडित राम सन्मुख तिवारी, मान्यता प्राप्त प्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत तिवारी, गांधी स्मारक विद्यालय संकुल के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू, उत्तर प्रदेश भारत स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त व पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. रणजीत सिंह, प्राचार्य, प्रो. रणजीत कुमार पांडेय, प्रो. अरविंद सिंह, प्रो. राकेश कुमार यादव, प्रधानाचार्य डॉ. अजेय प्रताप सिंह, विनय त्रिपाठी, धर्मदेव शर्मा, शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अमित सिंह व वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सतीश सिंह आदि लोगों ने बधाई दी। उक्त लोगों ने कहा कि यह काव्य संग्रह जीवन से हताश और निराश लोगों को उनके कर्तव्य पथ का बोध कराएगा। ऐसी मौलिक रचनाएं समाज के लिए सकारात्मक दूरगामी परिणाम की दिशा में समाज का मार्गदर्शन करती रहेंगी। डॉ. धर्मवीर भारती की स्मृतियों को समर्पित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में गीतकार-अभिनेता पीयूष मिश्र, कथाकार असगर वजाहत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और गायिका इला अरुण सहित कई प्रमुख हस्तियाँ मौजूद थीं।
0 टिप्पणियाँ