आवास के लाभार्थियों को चाबी और आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को दिया गया प्रमाण पत्र
रामनरेश प्रजापति
सुईथाकला/ शाहगंज। विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सारी जहांगीरपट्टी में ग्राम प्रधान राम सकल वर्मा की अध्यक्षता में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन मंगलवार को किया गया। मुख्य अतिथि अशोक वाजपेई राज्यसभा सांसद रहे। ग्राम प्रधान द्वारा राज्यसभा सांसद एवं मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण,अंग वस्त्रम ,पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट करके भव्य स्वागत किया गया।उन्होंने आवास के लाभार्थियों को चाबी एवं आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की मोदी- योगी की सरकार सभी जाति वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।मोदी के नेतृत्व में भारत का विश्व के मानसिक पटल पर सम्मान बढ़ा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री महिलाओं की सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहे हैं।लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देकर सरकार ने महिलाओं को अधिकार देने का काम किया।मोदी के करीब 10 वर्ष के कार्यकाल में भारत पांचवी शक्ति के रूप में उभर कर सामने आया है। 2047 तक विश्व की तीन प्रमुख महाशक्तियों में देश गिना जाएगा।देश ने मोदी के कार्यकाल में सर्वांगीण विकास किया है।उन्होंने कहा कि मोदी को हटाने के लिए 28 पार्टियां एक साथ हैं।
मोदी के पीएम बनने पर ही देश का भविष्य उज्जवल होगा।उपस्थित लोगों के समक्ष संकल्प पत्र पढ़कर विकसित भारत के निर्माण के लिए नागरिकों को शपथ दिलाई। सरकारी योजनाओं की धरातल पर पहुंच की हकीकत जानने के लिए उन्होंने लाभार्थियों और जनता से सीधे संवाद किया। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ.उमेश चंद्र तिवारी गुरुजी ने कहा कि मोदी- योगी की सरकार में योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है। जब हर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से लाभान्वित होगा तभी भारत सशक्त होगा।केंद्र और प्रदेश सरकार आम जनता की खुशहाली और समृद्धि के लिए कार्य कर रही है। ग्राम प्रधान ने उपस्थित अतिथियों ,आगंतुकों एवं क्षेत्र की जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद दिया।उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीद पर हमेशा खरा उतरते हुए गांव के हर पात्र,गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री पवन पाल ,वरिष्ठ भाजपा नेता बेचन सिंह तथा डॉ.सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना आदि लोगों ने भी अपने विचार प्रकट किये।
स्वास्थ्य विभाग से सीएचसी अधीक्षक डॉ सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि 5 यूनिट से अधिक परिवार के लोगों का गोल्डन कार्ड बन रहा है। इस गांव में लगभग 90 फ़ीसदी लोगों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है।सरकारी अस्पताल में प्रसव के दौरान पहली संतान उत्पन्न होने पर 5 हजार रु. तथा दूसरी संतान बेटी पैदा होने पर 5000 मिलेगा। टी बी की निशुल्क जांच,दवा, इलाज और 500 निक्षय पोषण जब तक इलाज चलेगा तब तक सुविधा मिलती रहेगी।
सीडीपीओ सुरेश कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं 6 माह पूर्ण करने वाले बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। राज्यसभा सांसद ने अन्य विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। वेटरनरी फार्मासिस्ट अरविंद कुमार ने बताया कि पशुओं से संबंधित किसी भी समस्या के लिए 1962 पर कॉल करें । चिकित्सा सुविधाएं निशुल्क प्राप्त होंगी। कृषि सहायक अधिकारी मिथिलेश सिंह ने कृषि से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी।संचालक अखिल गुप्ता ने किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार संदीप गुप्ता, सुईथाकला और खुटहन के बीडीओ सुभाष चन्द्र व गौरवेंद्र सिंह,जितेंद्र सिंह विधानसभा संयोजक, मंडल अध्यक्ष भीम सिंह भोले, ग्राम पंचायत सचिव गण हरिश्चंद्र,राजकुमार,जितेंद्र शाह ,शाहिद खान,आदर्श सिंह सोशल मीडिया प्रभारी, मोनू तिवारी, पुनीत अग्रहरि, प्रदीप वर्मा, खुशीराम मिश्रा सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ