जौनपुर: रालोद ने चौधरी चरण जी की मनायी 120वीं जयंती



जौनपुर। राष्ट्रीय लोकदल जौनपुर द्वारा किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री स्व० चौधरी चरण सिंह की 120वीं जयंती किसान दिवस के रूप में सिंचाई विभाग के डाक बंगले में जिलाध्यक्ष सुनील सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर सर्वप्रथम विभाग के प्रांगण में स्थित चौधरी साहब की मूर्ति पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने माल्यार्पण किया जिसके बाद मण्डल अध्यक्ष वाराणसी डा० सत्येन्द्र सिंह सहित अन्य साथियों द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर चौधरी जी को नमन किया गया। अन्त में गोष्ठी हुई जहां जिलाध्यक्ष श्री सिंह ने चौधरी साहब के जीवन परिचय एवं उनके द्वारा किए गए कार्यों को बताते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलना एवं उनके विचारों को जन—जन तक पहुंचाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मण्डल अध्यक्ष डा० सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि चौधरी साहब एक व्यक्ति नहीं विचार धारा का नाम है। चौधरी साहब न केवल एक ईमानदार, सत्यनिष्ठ व कर्तव्य निष्ठ प्रधानमंत्री थे, बल्कि वह एक मात्र ऐसे राजनेता हैं जिन्हें किसान मसीहा कहलाने का गौरव प्राप्त है। यह गौरव उन्हें देश की जनता ने दिया है। 
चौधरी साहब ने जीवन पर्यन्त किसानों की सेवा को ही अपना धर्म माना तथा गरीब, असहाय, शोषित व वंचित समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। अपना सम्पूर्ण जीवन भारतीयता और ग्रामीण परिवेश की मर्यादा में ही जिया। अन्त में डा० सत्येन्द्र सिंह ने चौधरी साहब के लिए भारत सरकार से भारत रत्न देने की मांग की।
गोष्ठी को संबोधित करने वालों में राम आसरे विश्वकर्मा, राजेन्द्र प्रसाद यादव, के०पी० सोनकर, धनीराम यादव, एस०ए० रिजवी, महेंद्र विश्वकर्मा, उपेन्द्र श्रीवास्तव, अशोक प्रधान, सुनील दुबे, रघुनाथ यादव, विनय यादव, नागेन्द्र यादव, दयाराम चौहान, समरजीत यादव आदि प्रमुख रहे। कार्यक्रम का संचालन डी०आर० यादव ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ