सतना (मध्यप्रदेश)। प्रजापति समाज के शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रजापति अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी विद्यालय का भव्य शिलान्यास समारोह आगामी 15 नवंबर 2026 को सतना जिले में आयोजित किया जाएगा। संतराम बी.ए. एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी, सतना (मध्यप्रदेश) का यह महत्वाकांक्षी संकल्प अब साकार रूप लेने जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर सतना जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के प्रजापति समाज के लोगों में विशेष उत्साह है। वहीं देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षाविद्, समाजसेवी, उद्योगपति एवं प्रबुद्ध समाजबंधु भी इस गौरवपूर्ण अवसर पर शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। समारोह में स्थानीय विधायक सहित हरिद्वार (उत्तराखंड) से पधार रहे 1008 राम मुनि महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी जिला प्रजापति समाज, सतना के साथियों एवं संतराम बी.ए. एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से निभाई जाएगी। कार्यक्रम के संयोजक वेदप्रकाश प्रजापति (उद्योगपति), लखनऊ तथा सह-संयोजक डॉ. के.के. वर्मा, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) हैं। समारोह की अध्यक्षता डॉ. गीतम सिंह प्रजापति, उझानी (बदायूं) करेंगे। इस अवसर पर दार सिंह प्रजापति, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मेरठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि चंद्र प्रकाश प्रजापति (नंगे पैर प्रतिज्ञाधारी) मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम का संचालन अजय प्रजापति, कल्याण-मुंबई, उपाध्यक्ष, संतराम बी.ए. एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन केवल एक विद्यालय की आधारशिला रखने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। समाज की एकजुटता, सहयोग और सामूहिक संकल्प से तैयार होने वाला यह शैक्षणिक संस्थान निश्चित रूप से प्रजापति समाज के बच्चों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा ! सोसायटी का उद्देश्य स्पष्ट है—शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बनाना और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य प्रदान करना।

0 टिप्पणियाँ