ग्राम विकास इंटर कॉलेज ने फाइनल में गुलालपुर को हराकर हासिल की चैंपियन ट्रॉफी
जौनपुर। इंटरमीडिएट कॉलेज स्तरीय वालीबाल प्रतियोगिता में ग्राम विकास इंटर कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में शाहगंज तहसील के विभिन्न इंटर कॉलेजों की टीमों ने प्रतिभाग किया। शुक्रवार को आयोजित
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में ग्राम विकास इंटर कॉलेज ने मेहरावा इंटर कॉलेज को पराजित किया। दूसरे मुकाबले में गुलालपुर की टीम ने सर्वोदय इंटर कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद खेले गए निर्णायक मुकाबले में ग्राम विकास इंटर कॉलेज और गुलालपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में ग्राम विकास इंटर कॉलेज ने तीन सेटों में से दो सेट जीतकर तहसील चैंपियन का खिताब हासिल किया।
इस अवसर पर ग्राम विकास इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ रमेश चंद्र यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें उचित मंच और अवसर मिलने पर वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंपायर बाबूलाल, तेज बहादुर कृष्णामोहन यादव संग्राम सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य अरविंद कुमार, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ( एकजुट) के जिलाध्यक्ष विनय कुमार वर्मा, खेल शिक्षक डॉ संजय कुमार यादव सहित अन्य शिक्षकों ने विजेता खिलाड़ियों और उनकी टीम को बधाई दी है।

0 टिप्पणियाँ