डिजिटल मीडिया उपभोग पर शोध के लिए सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, भोपाल ने प्रदान की विद्या वाचस्पति (PhD) की उपाधि
एमसीयू भोपाल व पीयू जनसंचार के शिक्षकों व पूर्व सांसद धनंजय सिंह सहित अन्य लोगों ने दी बधाई
जौनपुर। पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए राना सिंह (ठाकुर राना सिंह) को सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी, भोपाल (मध्य प्रदेश) द्वारा विद्या वाचस्पति (डॉक्टरेट) की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने "डिजिटल मीडिया उपभोग करने में युवाओं की प्रवृत्ति का अध्ययन" विषय पर शोध कार्य पूरा किया। उनकी इस सफलता पर पत्रकारिता, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने इसे पूरे क्षेत्र और पत्रकारिता जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
राना सिंह ने अपने शोध कार्य में युवाओं के बीच डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, उसकी उपयोग प्रवृत्तियों तथा सामाजिक प्रभावों का गहन अध्ययन किया। व्यापक डेटा संग्रहण एवं विश्लेषण के आधार पर प्रस्तुत उनके शोध निष्कर्षों को विशेषज्ञों ने सराहते हुए पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
मौखिकी (फाइनल वायवा) परीक्षा के दौरान शोध निर्देशक डॉ. संदीप श्रीवास्तव, विशेषज्ञ डॉ. चंदन गुप्ता, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के डीन डॉ. संजीव गुप्ता, सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी के शोध विभाग के प्रोफेसर डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. रश्मि सिंह एवं डॉ. सुनील सहित अन्य शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई दी।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि राना सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और अध्ययनशीलता के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि राना सिंह अपने ज्ञान, शोध और अनुभव के माध्यम से पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित करेंगे तथा समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करेंगे।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मनोज मिश्र ने कहा कि डिजिटल युग में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है और इस प्रकार के शोध समाज, शिक्षा जगत तथा नीति-निर्माताओं के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे। इस अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार जगत से जुड़े शिक्षकों, शोधार्थियों, पत्रकारों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
0 टिप्पणियाँ