- गौरवेंद्र सिंह के कार्यकाल में क्षेत्र का हुआ सर्वांगीण विकास: रमेश सिंह
शाहगंज,जौनपुर। अपनी बेहतर कार्यशैली, कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने, योग्यता, टीम भावना के साथ काम करने और बेदाग छवि के कारण खुटहन के बीडीओ गौरवेंद्र सिंह को महाराजगंज जिले का डीसी मनरेगा बनाया गया है। खंड विकास अधिकारी से डीसी मनरेगा के पद पर उनकी पदोन्नति श्रेष्ठता के आधार पर उत्तर- प्रदेश शासन ग्राम विकास अनुभाग के आदेश पर हुई है। शनिवार की देर रात ग्राम विकास अनुभाग लखनऊ से जारी आदेश के क्रम में उन्हें महाराजगंज जिले में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार का पदभार ग्रहण करना है।
उनके प्रमोशन से उनके मातहतों में जहां एक तरफ खुशी का माहौल है वहीं उनके गैर जनपद में जाने से उदासी भी है। शाहगंज के विधायक रमेश सिंह ने इस अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विधायक ने कहा कि गौरवेंद्र सिंह का कार्यकाल सुइथाकला व खुटहन के लिए स्वर्णिम काल रहा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के स्तर को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्री सिंह ने कहा कि खंड विकास अधिकारी के पद पर रहते हुए गौरवेंद्र ने विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विकास की तस्वीर बदलने में उन्होंने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। सुइथाकलां के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी व खुटहन के ब्लॉक प्रमुख बृजेश कुमार यादव ने उनके कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को सराहा है।
उक्त जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गौरवेंद्र सिंह का कार्यकाल क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्धियां का कार्यकाल साबित हुआ। उक्त लोगों ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने दोनों विकासखंड क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं जिसे क्षेत्र के नागरिक हमेशा याद रखेंगे। खंड विकास अधिकारी ने उच्चाधिकारियों, अधीनस्थों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और स्थानीय लोगों को विकास कार्यों में कदम से कदम व कंधे से कंधा मिलाकर साथ साथ चलने के लिए आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जो भी विकास कार्य हुए हैं, सभी लोगों के आपसी सहयोग व सामंजस्य की भावना से ही संभव हुए हैं।
0 टिप्पणियाँ